सार्वजनिक परिवहन के तौर पर मेट्रो का विस्तार हमारी प्राथमिकता: रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन के रूप में मेट्रो नेटवर्क का और अधिक विस्तार करना है। श्रीमती रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पार्क स्ट्रीट (सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के पास) में बने नए इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन (आरएसएस) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक सब-स्टेशन दिल्ली मेट्रो के प्रमुख रूटों को लगातार और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराएगा, जिससे मेट्रो सेवाएं और बेहतर होंगी। इसके साथ ही, यह मेट्रो के आने वाले विस्तार में भी मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सब-स्टेशन को नई और उन्नत तकनीकों से तैयार किया गया है और केवल 18 महीनों में इसका पुनर्निर्माण पूरा होना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन को इस प्रकार विकसित किया गया है कि दिल्ली मेट्रो की लाइनों को किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े और मेट्रो सेवाएं पूरी तरह निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। उन्होंने दिल्ली मेट्रो को ‘विश्वास का दूसरा नाम’ बताते हुए कहा कि आज जब दिल्ली मेट्रो लगभग 500 किलोमीटर के नेटवर्क की ओर अग्रसर है, तब वह विश्वसनीयता और ‘नो-फेल्योर मॉडल’ के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो राजधानी की लाइफलाइन बन चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन के रूप में मेट्रो नेटवर्क का और अधिक विस्तार करना है। नए कॉरिडोरों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा और दिल्ली सरकार की ओर से मेट्रो को वित्तीय एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मेट्रो आधारित परिवहन प्रणाली के माध्यम से दिल्ली को बेहतर, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक रिसीविंग सब-स्टेशन का उद्घाटन दिल्ली मेट्रो के सुरक्षित, आधुनिक और सतत इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति हमारी सरकार की प्रतिबद्धता का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह परियोजना राजधानी में बढ़ते मेट्रो नेटवर्क को विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए दिल्ली को स्मार्ट शहर बनाने की दिशा में मजबूत कदम है।

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 709 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर

Fri Jan 30 , 2026
मुंबई, 30 जनवरी (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 8.053 अरब डॉलर की बड़ी वृद्धि के साथ 709.413 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। पिछले सप्ताह यह 14.167 अरब डॉलर बढ़ा […]

You May Like