जबलपुर:फर्जी आईडी और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर अविवाहित युवक की स्वयं को उसको पत्नी बनकर संपत्ति हड़पने को लेकर परिजनों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है। शिकायत में बताया कि ग्राम तेवर भेड़ाघाट निवासी माधुरी विश्वकर्मा पति स्व. कौडीलाल विश्वकर्मा ने बताया कि उसका पुत्र स्व. राजेश विश्वकर्मा जो कि अविवाहित था और काफी बीमार था। इलाज लाईफ मेडीसिटी अस्पताल में चल रहा था और इलाज के दौरान 28 मई 2025 को उसका निधन हो गया। परिजनों के द्वारा अस्पताल में दी गई जानकारी के आधार पर अस्पताल के द्वारा उसे मृत्यु पंजीकरण की डिटेल ऑनलाईन भरी गई.
जिसमें उनके द्वारा उसे अविवाहित ही दर्ज किया गया, अस्पताल के द्वारा ऑनलाईन भरी गई जानकारी के आधार पर परिजनों के द्वारा उक्त दस्तावेज के आधार पर आपके नगर पालिक निगम जोन नं. 5 जबलपुर से अपने अविवाहित पुत्र राजेश विश्वकर्मा का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया गया और उसके अविवाहित होने का उल्लेख स्पष्ट अंकित था। फरवरी 2025 में परिजनों को ज्ञात हुआ कि कोई परवीन बानो उर्फ नीलम विश्वकर्मा उर्फ नीलम ठाकुर, पूनम ठाकुर एवं सोनम ठाकुर के द्वारा षड़यंत्रपूर्ण ढंग से छल कपट व धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेजों का निर्माण कर उसके पुत्र राजेश विश्वकर्मा की संपत्ति को हड़पने की नियत से मृत्यु प्रमाण पत्र नगर पालिक निगम जोन कमांक 5 से जारी होने के उपरांत उसमें स्वयं को पत्नी बताकर परवीन बानो उर्फ नीलम विश्वकर्मा उर्फ प्रवीणा ठाकुर के द्वारा अपना नाम पत्नी के स्थान पर दर्ज कराया एवं अपना आधार कार्ड भी लिंक करा लिया।
महिला ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत 28 मार्च 2025 को एक आवेदन पत्र जोन क्रमांक 5 संजय गांधी मार्केट नगर निगम को प्रेषित किया गया तथा तत्संबंध में जानकारी चाही गई जिस पर जोन कमांक 5 नगर निगम जबलपुर के द्वारा दस्तावेज सहित जानकारी प्रदान की गई कि डेड बॉडी हेंड ओवर सर्टिफिकेट के आधार पर मृत्यु प्रमाण पत्र में पत्नी का नाम जोड़ा गया है। महिला माधुरी विश्वकर्मा एवं परिजनों ने कलेक्टर को शिकायत की है कि परवीन बानो उर्फ नीलम विश्वकर्मा उर्फ प्रवीणा ठाकुर, पूनम ठाकुर एवं सोनम ठाकुर के द्वारा एक मृत व्यक्ति की संपत्ति को हड़पने की नियत से लगातार दस्तावेजों में हेर फेर की जा रही है, जिसकी उचित जांच कराकर कार्यवाही की जाए।
