
ब्रुसेल्स, 19 जनवरी (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए भारत का वृद्धि अनुमान 0.7 प्रतिशत बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत कर दिया है। आईएमएफ के सोमवार को यहां जारी विश्व आर्थिक परिदृश्य अपडेट में एक बार फिर भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। इसमें अगले वित्त वर्ष के लिए वृद्धि अनुमान 0.2 फीसदी बढ़ाकर 6.4 प्रतिशत कर दिया गया है। वित्त वर्ष 2027-28 के लिए वृद्धि अनुमान 6.4 प्रतिशत पर स्थिर रखा गया है।
रिपोर्ट में चीन का विकास अनुमान 2025 के लिए पांच प्रतिशत रखा गया। आईएमएफ का मानना है कि इस साल चीन की वृद्धि दर 4.5 प्रतिशत रहेगी जो अगले साल और घटकर चार प्रतिशत रह जायेगी।आईएमएफ की रिपोर्ट में कहा गया है, “भारत की वृद्धि का अनुमान 0.7 प्रतिशत बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत किया गया है जो तीसरी तिमाही में अपेक्षा से बेहतर आंकड़ों और चौथी तिमाही में मजबूत गति को दर्शाता है। चक्रीय और अस्थायी कारकों के कमजोर पड़ने से 2026 और 2027 में यह घटकर 6.4 प्रतिशत रह जायेगी।” रिपोर्ट के अनुसार, खाद्य पदार्थों की कीमतों में गिरावट के कारण साल 2025 में बड़े उतार के बाद मुद्रास्फीति के लक्षित स्तर पर दोबारा पहुंचने की उम्मीद है।
इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र ने भी चालू वित्त वर्ष के लिए इसी महीने भारत का वृद्धि अनुमान बढ़ाकर 7.4 प्रतिशत कर दिया था। सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने भी इस वित्त वर्ष में 7.4 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया है। आईएमएफ ने साल 2025 में वैश्विक जीडीपी के 3.3 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान व्यक्त किया है। उसका कहना है कि इस साल भी यह 3.3 प्रतिशत पर स्थिर रहेगी जबकि साल 2027 में वैश्विक वृद्धि दर घटकर 3.2 प्रतिशत रह जायेगी।
