
बैतूल।सोशल मीडिया के जरिए एक नाबालिग बालिका को ब्लैकमेल कर उससे गहने और पैसे ऐंठने वाले आरोपी को बैतूल कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सुमित पिता दीपक कहार (उम्र 20 वर्ष) निवासी शास्त्री वार्ड नं. 01, नर्मदापुरम के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की चैन (10 ग्राम), एक सोने की अंगूठी (3 ग्राम) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹1,80,000 आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में एएसपी कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले को सुलझाया।
पीड़िता, जो एक नाबालिग छात्रा है, 25 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि जून 2025 में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान आरोपी सुमित से हुई थी। कुछ समय तक बातचीत के बाद आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया कि वह उसकी तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बना देगा और सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
डर के कारण पीड़िता ने 15 जुलाई को टिकारी स्थित संजीवनी स्कूल के पास आरोपी को अपने घर की सोने की चैन और अंगूठी दे दी। इसके बाद भी आरोपी ने 20 हजार की और मांग की।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण क्रमांक 856/25 के तहत धारा 78(2), 308(2) बीएनएस व POCSO एक्ट की धाराएं 11(iv), 12 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी को नर्मदापुरम से गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया गया।
