सतना : नशे की लत जब हावी होने जाती है तो फिर उसके सामने अपने खून के रिश्ते भी कोई माएने नहीं रखते. इसकी तस्दीक मैहर जिले के अमदरा क्षेत्र में उस वक्त देखने को मिली जब नशा करने के लिए नाती ने दादी से पैसे मांगे. इंकार किए जाने पर बौखलाए नाती ने अपनी बूढ़ी दादी की गर्दन पर ब्लेड से वार कर दिया.मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेगवा गांव की निवासी 80 वर्षीय वृद्ध महिला फूलन बाइ पति मोहनलाल का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है.
वृद्ध की गर्दन कटने के कारण गंभीर घाव के साथ-साथ एक ओर जहां काफी रक्त बह गया था वहीं कमजोर शरीर होने के कारण उनके स्वास्थ्य में सुधार की गति भी काफी कम है. लेकिन इसके बावजूद भी उनकी जान बचाने का प्रयास जारी है. इस संबंध में जब वृद्धा के परिजनों से पूछा गया तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. बताया गया कि वृद्ध के गर्दन पर वार करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका अपना नाती है. बताया गया कि वृद्ध के पुत्र बारेलाल दाहिया का बेटा चूंटी लाल नशे का लती है.
नशे को पूरा करने के लिए वह अक्सर परिसर से पैसों की मांग करता है और नहीं मिलने पर झगड़ा-मारपीट करता है. इसी कडुी में चूंटी ने शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे अपनी दादी फूलन बाई से पैसों की मांग की. नाती की नशे की लत के बारे में जानते हुए दादी ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया. कुछ देर तक बहसबाजी करने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो बौखलाकर चूंटी ने घर में रखी ब्लेड उठा ली, और देखते ही देखते दादी के गले पर वार कर दिया. खून से लतपथ वृद्ध जमीन पर गिरकर तड़पने लगी. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने वृद्ध को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. लेकिन वहां पर उनकी हालत को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सतना रेफर कर दिया गया. जहां पर भर्ती कर उपचार जारी है. वहीं पुलिस द्वारा नाती के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए जांच कार्रवाई शुरु कर दी गई है.
