विद्युत पोल से टकराकर पलटी स्कूल बस, खाई में गिरी; 4 दर्जन बच्चे घायल

तलेन/ब्यावरा।सोमवार को पचोर-तलेन मार्ग पर ग्राम चौमा के समीप एक प्रायवेट स्कूल की बस पहले हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल से भिड़ी फिर अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे खाई में जाकर पलट गई. बस में सवार करीब चार दर्जन बच्चे घायल हो गये इनमें दो-तीन बच्चों को गंभीर चोट आई है.

जानकारी के अनुसार तलेन थानांतर्गत ग्र्राम चौमा स्थित आदर्श पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी तभी पचोर-तलेन मार्ग पर चौमा गांव के समीप यह घटना घटित हो गई. रोड के यहां मौजूद विद्युत पोल से टकराकर बस रोड से नीचे खाई जा पहुंची.

बचाव के लिए दौड़ पड़े लोग

बस के इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटने से बच्चे बुरी तरह घबरा गये. चीखने-चिल्लाने लगे. आसपास मौजूद लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़ पड़े तथा तत्परता दिखाते हुए बस से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गये. जहां बस पलटी वहां बारिश का पानी भी भरा हुआ था. इसकी तुरंत सूचना पुलिस एवं एम्बुलेंस को दी. घायल बच्चों को पचोर, तलेन के अस्पताल ले जाया गया. जहां उनका उपचार किया गया. दो-तीन बच्चों को गंभीर चोट आना बताया जा रहा है. बस में करीब 49 बच्चे सवार थे. इनमें से 16 बच्चोंं को पचोर अस्पताल तथा 7-8 बच्चों को तलेन अस्पताल ले जाया गया. एक-दो बच्चों को अधिक चोट आई है. घायल बच्चों में सुमित- लक्ष्मीनारायण उम्र 8 वर्ष, प्रभा-लक्ष्मीनारायण, महेन्द्र-बापूलाल उम्र 7 वर्ष, रिया-धीरप सिंह 8 वर्ष, प्रशांत-बापूलाल 10 वर्ष, यशराज-जगदीश उम्र 8 वर्ष, रोशन-मनीष 6 वर्ष, राजवीर-महेश 6 वर्ष, विनायक-जितेन्द्र 8 वर्ष, रुनझुन 8 वर्ष, कुनाल-सीताराम 4 वर्ष, राघव-ब्रज 5 वर्ष, आयुष-लखन 5 वर्ष, सिमरन-लखन 8 वर्ष, आयांष-लखन उम्र 4 शामिल है.

पोल से टकराकर पलटी बस

जानकारी के अनुसार बस चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक बस चलाना बताया जा रहा हैै. पहले बस रोड के यहां मौजूद 11 केवी विद्युत हाईटेंशन लाइन के पोल से टकराई तत्पश्चात अनियंत्रित होकर रोड से नीचे जाकर बस खाई में पलट गई. टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के समय विद्युत लाइन में सप्लाई चालू थी. सौभाग्यवश तार नहीं टूटा वरना कोई अनहोनी घट सकती थी. लोगों ने तुरंत फोन लगाकर बिजली सप्लाई को बंद कराया.घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जाती है जब बस स्कूल के बच्चों को ले जा रही थी. दुर्घटना होते हुए चालक मौक से फरार हो गया. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक नशे की हालत में था जो लापरवाही पूर्वक वहन चला रहा था जिसके कारण यह घटना हुई.

अनट्रेंड चालकों के हवाले

प्राय: कई प्रायवेट स्कूलों द्वारा कम वेतन पर अनट्रेंड चालकों को वाहन चलाने की कमान सौंप दी जाती है जबकि स्कूली वाहनों में छोटे-छोट बच्चों को लाया ले जाया जाता है. इसमें कितनी अधिक रिस्क रहती है. बावजूद इसके इतनी बड़ी लापरवाही से दुर्घटनाएं होती रही है और दुर्घटना का डर लगा रहता है. कई वाहन चालकों के पास न ता लायसेंस होता है और न कोई अनुभव.

तेज रफ्तार से दौड़ाते वाहन

यही नहीं कई स्कूल वाहनों को तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए भी देखा जा सकता है. नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने वाहन अनेक बार काफी तेज गति से दौड़ते हुए देखे जा सकते है. इतनी अधिक रफ्तार से अनियंत्रित होकर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अंदेशा बना रहता है. ऐसा नहीं स्कूल प्रबंधन को भी इसकी जानकारी होती है किंतु इन पर किसी तरह की कोई रोकटोक नहीं होने से इस तरह की लापरवाही बरतने वालों के हौंसले बुलंद है.

इनका कहना है

स्कूल बस दुर्घटना होने की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस दल पहुंचा तथा बचाव कार्य करते हुए घायलों को पचोर एवं तलेन अस्पताल ले जाया गया. पहले बस विद्युत पोल से टकराई फिर सडक़ से नीचे खाई में जाकर पलट गई. प्रथम दृष्टया लापरवाही पूर्वक बस चलाने की बात सामने आई है.

मेहताब सिंह ठाकुर

थाना प्रभारी थाना तलेन

Next Post

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक: त्यौहारों के दौरान सुरक्षा पर रहेगी नजर  

Mon Aug 25 , 2025
भोपाल। राजधानी में त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों की बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई. गणेश उत्सव, डोल ग्यारस और मिलाद उन नबी के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक में चर्चा की गई. पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने सोमवार को कमिश्नर कार्यालय सभागार में समस्त राजपत्रित […]

You May Like