
भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की दो गाड़ियां बरामद की है.
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि गैस राहत कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पानी की टंकी के पास एक स्कूटी सवार संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आऱोपी को पकड़ा. आरोपी की पहचान जहान खान (21) निवासी शिवनगर कॉलोनी करोंद के रुप में हुई. आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध स्टील की छुरी बरामद हुई. ई-रक्षक पोर्टल पर जांच करने पर आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी पाया गया. आरोपी से कड़ाई से पूछताछ होने पर उसने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद स्कूटी उसने करीब 15-20 दिन पहले करोंद मंडी से चोरी की थी. इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर आराधना नगर से एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गई, जिसे उसने खुशीपुरा चौराहा क्षेत्र से चुराया था. आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे होने की भी संभावना है.
