तेहरान, 24 अगस्त (वार्ता) ईरान में सेना ने दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में आतंकवादियों के एक समूह पर हमला कर उसके छह सदस्यों को मार गिराया और दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।
ईरान के खुफिया मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय की वेबसाइट पर पाेस्ट एक बयान के अनुसार, आतंकवादी समूह के सदस्य जिनमें सात गैर-ईरानी नागरिक शामिल थे, पिछले दिनों देश की पूर्वी सीमा से ईरान में घुस आए थे और “खतरनाक और लक्षित आतंकवादी अभियान” चलाने की कोशिश कर रहे थे। बयान में अभियान की तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।
बयान में कहा गया है कि ये आतंकवादी विभिन्न प्रकार के हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक उपकरणों से लैस थे। इन आतंकवादियों से जब्त की गई वस्तुओं में लेज़र-गाइडेड ग्रेनेड लॉन्चर, अमेरिका निर्मित मशीन गन, ग्रेनेड, विस्फोटक जैकेट, दो-तरफ़ा रेडियो, गोला-बारूद के साथ-साथ कई वाहन और मोटरसाइकिलें शामिल थीं।
मंत्रालय के अनुसार आतंकवादियों का यह समूह ईरान के पूर्व में एक महत्वपूर्ण केंद्र पर हमला करने की कोशिश कर रहा था।
मंत्रालय ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्य आतंकवादी सेल के इज़रायल से संबद्ध होने का संकेत देते हैं।
बयान के अनुसार, आतंकवादियों के साथ कई घंटों तक चली मुठभेड़ में तीन ईरानी सुरक्षा कर्मी घायल हो गए।
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में नागरिकों और सुरक्षा बलों, दोनों को निशाना बनाकर कई आतंकवादी हमले हुए हैं।
अर्ध-सरकारी फ़ार्स समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को प्रांत में दो गश्ती इकाइयों पर आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में पाँच पुलिसकर्मी मारे गए।
