सिंगरौली: जिले में रुक-रुककर हो रही 24 घंटे की बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। लगातार बारिश से शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वार्ड क्रमांक 28 में पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण एक घर पूरी तरह पानी में डूब गया। यह कॉलोनी सिंगरौली विधायक रामनिवास के घर के पीछे स्थित है, जो तालाब में तब्दील हो गई। हालात इतने बिगड़े कि पीड़ित परिवार को नगर निगम अमले ने प्रधानमंत्री आवास में शिफ्ट कराया। पानी निकालने के लिए पीसीसी रोड को भी तोड़ना पड़ा।
पीड़ित परिवार के मुखिया श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि घर में पानी भर जाने से खाने-पीने का सामान, फर्नीचर सहित सबकुछ डूब चुका है। वहीं मौके पर पहुंची नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैंस ने माना कि नालियों के अभाव में जलभराव हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द पानी बाहर निकाला जाएगा और आगे नाली निर्माण कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यही स्थिति शहर के अन्य हिस्सों की भी है। शनिवार देर शाम अंतरराज्यीय बस स्टैंड और कई ग्रामीण इलाकों में भी भारी जलभराव देखा गया।
