जबलपुर: शहर में अवैध रूप से वाहनों को काटने और उनके पुर्जे बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त टीम ने खजरी खिरिया बाईपास स्थित एक गोदाम पर दबिश देकर अवैध कटान का भंडाफोड़ किया है।
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेश मिश्रा के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुद्दतसिर अली के गोदाम में ट्रकों को अवैध तरीके से काटा जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए जब पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा, तो वहां ट्रक क्रमांक एमपी 20 एच बी 0165 को काटा जा रहा था। जब संचालक से वाहन काटने संबंधी आरटीओ का कैंसिलेशन लेटर मांगा गया, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
गोदाम में चार कार समेत भारी अनियमितताएं मिलीं
मौके पर एक ट्रक पहले से ही कटा हुआ पाया गया, जिसका कीमती सामान दूसरे ट्रक में लोड किया जा चुका था। परिसर में 4 कारें भी खड़ी मिलीं, जिन्हें काटने की तैयारी थी।
बिना किसी कानूनी अनुमति और कागजी कार्रवाई के कमर्शियल वाहनों को नष्ट करना अवैध है। पुलिस ने मौके से वाहनों और सामान को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है कि ये वाहन चोरी के तो नहीं थे।
