नयी दिल्ली (वार्ता) डीएसए प्रीमियर लीग में मंगलवार को खेले गए रोमांचल मुकाबलों में गढ़वाल हीरोज फुटबाल क्लब ने भारतीय वायु सेना को 3-2 से परास्त किया। वहीं एक अन्य मैच में रॉयल रेंजर्स और सी आई एस एफ ने 1-1 से ड्रा खेल कर अंक बाँटे।
आज यहां नेहरू स्टेडियम मैदान पर गत विजेता गढ़वाल के गोल आदित्य अधिकारी (2) और साहिल ने किए। सौरभ साधुखान और संकित ने वायुसेना के गोल बांटे। रॉयल रेंजर्स का गोल विजॉय गुसाई ने किया लेकिन लम्बी सीटी से चंद सेकंड पहले मनिंदर सिँह ने बराबरी का गोल जमा कर रॉयल रेंजर्स के अरमानों पर पानी फेर दिया।
गढ़वाल हीरोज की शुरुआत आक्रमक रही। पहले ही मिनट में आदित्य अधिकारी ने पियूष भंडारी, मिलिंद नेगी औऱ ईशानबोक के बेहतरीन मूव पर गोल जड़ दिया। पांच मिनट बाद पियूष के दर्शनीय पास पर अधिकारी ने स्कोर 2- 0 कर वायुसेना को हैरान किया। लेकिन पाला बदलने के बाद वायुसैनिकों के लिए साधुखान और संकित के गोलों से हिसाब चुकता कर दिया। लेकिन 63 वें मिनट में साहिल चौहान ने विजयी गोल दाग कर गढ़वाल की जीत पर मुहर लगा दी l
अंक तालिका में पहले स्थान पर चल रहे सी आई एस एफ के जवानों को आज जम कर पसीना बहाना पड़ा। हालांकि अधिकांश समय पिछले उपविजेता रॉयल रेंजर्स ने दबदबा बनाया लेकिन कमजोर निशानेबाजी आड़े आई। होकिप, आशुतोष थपलियाल औऱ बिजॉय गुसाई ने नजदीक से मौके गँवाए। अंततः लम्बी सीटी से चंद सेकंड पहले वाले गोल से सीआई एस एफ जान बचाने में सफल रही। मनिंदर ने मौके का फायदा उठाते हुए रॉयल रेंजर्स का गोल भेद दिया।
