जबलपुर: माढ़ोताल अंतर्गत कटंगी रोड पर महिला से सरेराह सोने का हार छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 7 लाख रुपये कीमत का 5 तोला वजनी हार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।जानकारी के अनुसार यादव कॉलोनी लार्डगंज निवासी 53 वर्षीय श्रीमती मीना सोनी 9 फरवरी 2026 की रात भोपाल में अपने देवर की बेटी की शादी से लौट रही थीं। रात करीब 8 बजे जब वह बस से उतरकर बजरंग नगर स्थित अपने देवर के घर जा रही थीं, तभी टीवीएस शोरूम के पीछे वाली सड़क पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका रास्ता रोका। पीछे बैठे नीले जैकेट पहने युवक ने महिला के गले से झपट्टा मारकर 5 तोले का सोने का हार छीन लिया और चुंगी की तरफ फरार हो गए थे।
सीसीटीवी की मदद से दबोचे गए आरोपी
एएसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने दीनदयाल बस स्टैंड के पास दबिश देकर प्रिंस हल्दकार और तनिष्क कोरी को घेराबंदी कर पकड़ा।टूल बॉक्स में छिपा रखा था हार टीआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की।
आरोपी तनिष्क कोरी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 9134 के टूल बॉक्स में छिपाकर रखा गया करीब 5 तोला वजनी हार बरामद कर लिया गया। जब्त मशरूका की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
