झमाझम बारिश से गुना तरबतर, राहत के साथ बढ़ी मुसीबतें

गुना: गुना सहित आसपास के क्षेत्रों में बुधवार-गुरुवार दरम्यानी रात से शुरू हुई झमाझम बारिश ने जहां उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं शहर और ग्रामीण अंचल में जलभराव की समस्या भी गहरा गई।मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार शाम 8:30 बजे तक गुना शहर में 79 मिमी (करीब 3 इंच) वर्षा दर्ज की गई। रातभर और दिनभर रुक-रुककर हुई बारिश से निचले इलाकों और मुख्य बाजारों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में कठिनाई हुई। नदी-नाले भी उफान पर रहे।

विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। गुरुवार को तापमान सामान्य से नीचे रहा और वातावरण पूरी तरह भीग गया। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर कीचड़ व फिसलन बढ़ी, हालांकि खेतों की खरीफ फसलों के लिए यह पानी लाभकारी माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए अमृत समान है, लेकिन लंबे समय तक पानी ठहरने से नुकसान भी हो सकता है।

जिले में 1 जून से 21 अगस्त तक औसतन 1255 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 119% अधिक है। बीते 24 घंटे में औसतन 38.1 मिमी वर्षा हुई, जिसमें गुना में 53.8, आरोन में 65, मक्सूदनगढ़ में 41, चांचौड़ा में 40, राघौगढ़ में 29, बमोरी में 22 और कुंभराज में 16 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Next Post

विजयपुर में ई-रिक्शा पलटा, 8 घायल

Fri Aug 22 , 2025
श्योपुर:विजयपुर थाना क्षेत्र के नायरा पेट्रोल पंप के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां ओवरलोड ई-रिक्शा अचानक सामने आई बाइक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिक्शे में सवार 8 लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएँ और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में जानकी पत्नी […]

You May Like