
बागली। लगातार बारिश के बीच नगर की सड़कों पर खुले में छोड़े गए गोवंश अव्यवस्था का कारण बन रहे हैं। नगर परिषद के पूर्व निर्देशों के बावजूद पशुपालक दूध दोहन के बाद अपने पशुधन को लावारिस अवस्था में घूमने के लिए छोड़ रहे हैं।
इस संबंध में 15 जुलाई को नगर परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित कर पशुपालकों को चेतावनी दी गई थी कि यदि पशु खुले में विचरण करते पाए गए तो आर्थिक दंड की कार्यवाही की जाएगी। बावजूद इसके पशु मालिकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और गुरुवार को बड़ी संख्या में गोवंश लगभग दो घंटे तक नगर परिषद अध्यक्ष सीमा कमल यादव के निवास के सामने खड़ा रहा। यह दृश्य देखकर आने-जाने वाले लोग भी हैरान रह गए।
मामले की सूचना मिलने पर अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव ने तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दिए कि लावारिस पशुओं को गौशाला में पहुँचाया जाए और पशुपालकों पर आर्थिक दंड निश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसी सख्ती से स्थिति में सुधार आ सकेगा।
नगर परिषद सीएमओ प्रमोद बरुवा ने बताया कि इस संबंध में कार्यवाही शुरू कर दी गई है। सूचना पत्र जारी हो चुके हैं और जल्द ही दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ लावारिस पशुओं को गौशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जाएगी।
