
इंदौर. आजाद नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने अमन खान उर्फ अमन साहू के खिलाफ दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला दर्ज किया है. पीड़िता मूल रूप से सीहोर की रहने वाली है और फिलहाल पालदा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती है.
पुलिस के अनुसार युवती ने बताया कि आठ माह पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर अमन से हुई थी. उस समय आरोपी ने खुद को अमन साहू बताकर दोस्ती की. चैटिंग के जरिए बातचीत बढ़ी और फरवरी 2025 में अमन पहली बार उसके किराए के कमरे पर आया, जहां उसने शारीरिक संबंध बनाए. बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी का असली नाम अमन खान है और वह दूसरे धर्म से है. शिकायत में युवती ने कहा कि आरोपी शुरू में शादी का भरोसा दिलाता रहा, यहां तक कि इस्लाम छोड़ने की बात भी कही. लेकिन कुछ समय बाद उसने मारपीट शुरू कर दी और मंदिर जाने से रोकने लगा. जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ कहा कि वह धर्म परिवर्तन के बिना शादी नहीं करेगा. करीब 15 दिन पहले आरोपी ने फिर उसके साथ मारपीट की और उसके कमरे पर आना बंद कर दिया. युवती के मुताबिक आरोपी लगातार धमकाकर संबंध बनाने का दबाव डालता रहा. डर और सामाजिक बदनामी के कारण उसने पहले किसी को नहीं बताया, लेकिन परेशान होकर घटना की जानकारी बजरंग दल कार्यकर्ताओं को दी. इसके बाद कार्यकर्ता उसे थाने लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. आजाद नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
