

खिरकिया। जिले की खिरकिया नगर परिषद में भाजपा की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। यहां भाजपा समर्थित अध्यक्ष इंद्रजीत कौर महेंद्र सिंह खनूजा को हटाने की तैयारी उन्हीं की पार्टी के पार्षद कर रहे हैं। पार्षदों का आरोप है कि शहर में विकास कार्य नहीं हो रहे। वहीं अध्यक्ष का कहना है कि तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बावजूद उन पर भ्रष्टाचार या अनियमितता का कोई आरोप नहीं है, फिर भी उन्हें हटाने की कोशिश की जा रही है।
पूर्व मंत्री कमल पटेल, जिन्होंने इंद्रजीत कौर का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया था, उन्हीं के पास पार्षद कई बार अध्यक्ष बदलने की मांग लेकर पहुंचे। स्थिति यह है कि भाजपा की सरकार होने के बावजूद नगर परिषद को पर्याप्त फंड नहीं मिला, जिससे असंतोष और गहराया।
खनूजा परिवार का जनसंघ व संघ से पुराना नाता रहा है। अध्यक्ष के पति महेंद्र सिंह खनूजा संघ व भाजपा संगठन में सक्रिय पदाधिकारी रह चुके हैं। फिलहाल पार्षदों का अविश्वास प्रस्ताव कलेक्टर के पास भेजा जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा जिला अध्यक्ष और कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं, जिससे सियासत और गरमा गई है।
