सतना: सतना से लापता युवती जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर युवक शाहनवाज कुरैशी के साथ मिली। दोनों दिल्ली जाने की तैयारी में थे। इस बीच युवती की गुमशुदगी दर्ज होने पर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और एयरपोर्ट पर दोनों को रोक लिया। शुक्रवार सुबह सतना पुलिस जबलपुर पहुंची और युवक-युवती को हिरासत में ले लिया।पुलिस जांच में पता चला कि शाहनवाज कुरैशी सतना के जवान सिंह कॉलोनी का रहने वाला है और दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है।
कुछ साल पहले उसकी युवती से जान-पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे दोस्ती और मुलाकातों तक पहुंच गई। गुरुवार को वह युवती को कार से लेकर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से दोनों दिल्ली जाने वाले थे। सिटी कोतवाली पुलिस ने युवती की मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, तो पता चला कि वह जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर है। तुरंत खमरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती और शाहनवाज से आधार कार्ड चेक कर पूछताछ की। इस दौरान युवती ने बताया कि शाहनवाज उसे दिल्ली घुमाने ले जाने की बात कह रहा था।
जबरन ले जाने का आरोप
युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि शाहनवाज ने उसे जबरन दिल्ली ले जाने की कोशिश की। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सतना पुलिस को सूचना दी गई और दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं सतना कोतवाली पुलिस ने शाहनवाज कुरैशी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत केस दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि युवती को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
