भारत मंडपम में ताइवान एक्सपो इंडिया का उद्घाटन, प्रौद्योगिकी दक्षता और नवाचार का प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में गुरुवार को तीन दिवसीय ताइवान एक्सपो इंडिया 2025 का उद्धाटन हुआ जिसमें प्रौद्योगिकी और नवाचार क्षेत्र की कई कंपनियों ने भारत में व्यापार बढ़ाने के उद्देश्य से अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी है।
इस प्रदर्शनी में 107 ताइवानी कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं। इनमें फॉक्सकॉन, डेल्टा इलेक्ट्रॉनिक्स, एडवांटेक आदि शामिल हैं। यहां ताइवान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय (एमओईए) की एक पहल ताइवान एक्सीलेंस (टीई) का एक विशेष ताइवान एक्सीलेंस पवेलियन भी है। इस पवेलियन का उद्घाटन ताइवान विदेश व्यापार विकास परिषद के चेयरमैन जेम्स सी.एफ. हुआंग ने किया। बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा गुप्ता उद्घाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
ताइवान एक्सीलेंस पवेलियन में आईटीसी, स्मार्ट लिविंग, हेल्थकेयर, आधुनिक गैजेट्स, और औद्योगिक समाधानों में काम करने वाली कंपनियां शामिल हैं। टोयो रोबोटिक्स के स्टॉल में इलेक्ट्रिक एक्चुएटर बनाने वाली मशीन का भी प्रदर्शन किया गया है। टाटा तथा दूसरी भारतीय कंपनियां पहले से ही टोयो रोबोटिक्स के क्लाइंट हैं। कंपनी के स्टॉल पर मौजूद एक प्रतिनिधि ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि कंपनी भारत में अपना कारोबार बढ़ाने की उम्मीद में इस एक्सपो में शामिल हुई है।
इस साल ताइवान एक्सीलेंस पवेलियन में 22 पुरस्कार विजेता ताइवानी ब्रांड्स शामिल हैं, जिनमें एडवांटेक, एएमए फैन्स, एवर, बीनबॉन, किमेई मोटर, साइप्रेस, आईबेस, आईपेवो, केंडा, लॉरिक, मैक्रोहाई, मेकॉम, माइक्रोबेस, एमएसआई, फिसन, प्रोसेन्ड, टीमग्रुप, टोयो, ट्रंसेन्ड, विंक्सपर, जेड-कॉम, और ज़ाइक्सेल प्रमुख हैं। इनमें से कई भारत में पहली बार प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्योग मंडल फिक्की की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ताइवानी निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरा है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स और इलेक्ट्रिक वाहन इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में 15 अरब डॉलर निवेश आकर्षित करने की क्षमता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, ईवी, स्मार्ट सिटी, और आईसीटी में तेजी से विकास ताइवान की विशेषज्ञता और प्राथमिकताओं से मजबूती से मेल खाता है।

Next Post

गत चैंपियन इटली पुरुष वॉलीबॉल विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पोलैंड से भिड़ेगा

Thu Sep 25 , 2025
मनीला, 25 सितंबर (वार्ता) गत चैंपियन इटली ने बेल्जियम को 3-0 से हरा दिया और अब एफआईवीबी पुरुष वॉलीबॉल विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पोलैंड से भिड़ेगा। बुधवार को बेल्जियम के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इटली ने 25-13, 25-18, 25-18 से आसान जीत हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। […]

You May Like