
बागली। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन इस वर्ष कुछ कारणों से 18 अगस्त, सोमवार को किया गया। सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की उपस्थिति में सभाएं संपन्न हुईं, जिनमें वर्तमान विकास कार्यों की समीक्षा और आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई।
ग्राम पंचायत पोलाय के सरपंच प्रतिनिधि धर्मेंद्र सोलंकी व सचिव गोपाल कृष्ण पंचोली ने बताया कि पंचायत स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उद्यान तालाब और स्कूल भवन जैसे बड़े कार्य पूरे हुए हैं। वहीं धावडिया पंचायत की ग्राम सभा विशेष रूप से चैनपुरा में आयोजित की गई, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का प्रस्ताव प्रमुख रहा और सड़कों व पेयजल योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
नयापुरा पंचायत में रोजगार सहायक दिनेश कंठाली ने बताया कि यहां तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। सेवनिया खुर्द पंचायत में सरपंच प्रतिनिधि राम प्रसाद जाटवा ने बताया कि आंगनबाड़ी, मुक्तिधाम और नक्षत्र वाटिका का निर्माण पूरा हो चुका है, साथ ही पेयजल योजना पर आगे काम होगा। बेड़ा मऊ पंचायत की सभा में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों के अनुभवों का भी लाभ लिया गया।
