
मंडला। जिले की नैनपुर तहसील के ग्राम अतरिया में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां थावर नदी में मोटर निकालते समय करंट फैलने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। पति को करंट की चपेट में देख पत्नी उसे बचाने दौड़ी थी, लेकिन वह भी हादसे का शिकार हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पिंडरई पुलिस चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने ने बताया कि मृतक राधे कुलस्ते 36 वर्ष और उनकी पत्नी सीमा कुलस्ते 30 वर्ष ग्राम अतरिया के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार सुबह राधे नदी में लगी मोटर और मशीन को हटाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान मशीनरी में तकनीकी खराबी आने से पानी में अचानक करंट फैल गया। राधे को तड़पता देख किनारे पर मौजूद उनकी पत्नी सीमा उन्हें बचाने के लिए पानी में कूदीं, लेकिन वे भी तेज करंट की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच :
घटना की सूचना मिलते ही पिंडरई पुलिस मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए नैनपुर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विद्युत प्रवाह में लीकेज कैसे और कहां से हुआ।
