
सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीईटीआई कॉलोनी के समीप बीते शनिवार की देर शाम रेलवे फाटक से महज 20 से 25 मीटर की दूरी पर मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रजत प्रताप सिंह पिता शिव कुमार के रूप में हुई है। वह मूलत: बनारसी दालमंडी समिति के पीछे, जिला औरैया उ.प्र. का निवासी था तथा वर्तमान में झिंगुरदह परियोजना के एचसी-57 आवास में रह रहा था। रजत एनसीएल में वर्ष 2017 से कार्यरत था और झिंगुरदह परियोजना के ईएंडएम विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ था।
बीते शनिवार की देर शाम रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना पर पहुंची मोरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। मृतक की जेब से मिले एनसीएल के पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान रजत प्रताप सिंह के रूप में हुई। पहचान पत्र से उसके एनसीएल में कार्यरत होने की जानकारी भी सामने आई। बताया जा रहा है कि रजत झिंगुरदह में ही निवास करता था। ऐसे में उसका सीईटीआई गेट के समीप रेलवे ट्रैक तक पहुंचना जांच का अहम विषय बन गया है। वहीं मृतक के मामा शिवनंदन सिंह के मोरवा पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को मृतक से संबंधित जानकारी दी और उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजन की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही परिजन गहरे सदमे में हैं।
आत्महत्या की आशंका, मोबाइल की सीडीआर खंगाल रही पुलिस
प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना सामने आया है। हालांकि यह हादसा था या युवक ने किसी वजह से आत्मघाती कदम उठाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना कर रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकलवाकर उसकी जांच कर रही है। इसके माध्यम से घटना से पहले रजत ने किन लोगों से बातचीत की थी और अंतिम समय में उसकी गतिविधियां क्या थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। झिंगुरदह में निवास करने वाले एनसीएल के एक अधिकारी की सीईटीआई गेट के समीप रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में मौत हुई, यह फिलहाल जांच का विषय बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विवेचना के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
