पिपट में सिलेंडर फटा, चार घायल; पिता-पुत्र गंभीर

छतरपुर। बिजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपट में बीती शाम एक बड़ा हादसा हो गया। शाम करीब 7:30 बजे अचानक गैस सिलेंडर फट गया। धमाके के साथ ही घर में आग लग गई। आग को बुझाने की कोशिश में पिता-पुत्र समेत चार लोग झुलसकर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसे के दौरान गोविंद चौरसिया और उनका बेटा अंकित चौरसिया आग की लपटों से बुरी तरह झुलस गए। वहीं, पड़ोसियों को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उन्हें बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे गाँव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हुए धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया।

फिलहाल डॉक्टरों की टीम गंभीर रूप से घायल दोनों मरीजों के उपचार में जुटी हुई है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

 

Next Post

कचरे से बना शुभंकर बनेगा इटारसी शहर की पहचान

Tue Sep 23 , 2025
इटारसी। शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए नगरपालिका ने एक अनोखी पहल शुरू की है। वेस्ट टू वंडर (कचरे से कमाल) की अवधारणा पर काम करते हुए स्वच्छता ही सेवा है अभियान के तहत ई-वेस्ट से एक खास शुभंकर (Mascot) तैयार किया गया है, जो इटारसी की नई […]

You May Like