
छिंदवाड़ा. कुछ दिनों पूर्व मातृ एवं शिशु मृत्यु के प्रकरणों पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और जांच प्रतिवेदन में सभी संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। कंसल्टेंट डॉक्टर के मौके पर उपस्थित न रहने और प्रकरण की गंभीरता को न समझने के कारण निर्मित हुई स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी में बरती गई लापरवाही और असंवेदनशीलता के लिए उनके विरुद्ध भी कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने बैठक में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन व जनसुनवाई आवेदनों के निराकरण और विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की। बैठक में श्री नारायन को एन.एच.ए.आई के अधिकारी ने जानकारी दी कि विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में छिंदवाड़ा – सिवनी मार्ग की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया है। कलेक्टर श्री नारायन ने इस पर संतोष जाहिर करते हुए सड़क मरम्मत का कार्य गति और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित खाली मैदान में कचरा फेंकने, गंदगी फैलाने और कचरा जलाने की शिकायत पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई एवं आयुक्त नगर निगम को ऐसा करने वालों पर कड़ाई से जुर्माना लगाने की कार्यवाही के निर्देश दिए।
पितृविहीन बालकों को दिलायें शासन की योजना का लाभ ०००००००
कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देश दिए कि मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत पात्र बाल हितग्राहियों को योजना का लाभ अनिवार्य रूप से दिलाना सुनिश्च करें। सीएम जन विश्वास शिविरों में भी इस संबंध में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उनमें पात्रता की जाँच शीघ्र पूरी करें और पात्र होने पर योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
कृत्रिम गर्भाधान की धीमी गति पर जताई नाराजगी ००००००
कलेक्टर श्री नारायन ने भारत पशुधन मिशन के तहत कृत्रिम गर्भाधान ( ए आई) कार्य में जिले की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को एआई कार्य में लक्ष्य के विरुद्ध गति के साथ पूर्ति के निर्देश दिए हैं।
