जैसलमेर, 02 नवम्बर (वार्ता) रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार की शाम दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान में सीमावर्ती जैसलमेर पहुंचे।
श्री सिंह मंगलवार सुबह रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे शामिल होंगे। उनके साथ में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव आदि अन्य अधिकारी साथ में आये हैं।
श्री सिंह के विशेष विमान से वायुसेना के हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भारतीय सेना के वाइस चीफ ,कोर्णाक के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए वी एस राठी, भारतीय वायुसेना के स्टेशन कमांडर (एओसी) महेंद्र सिंह, जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे और सेना के अधिकारियों ने उनका गर्म जोशी से स्वागत किया।
श्री सिंह एवं अन्य सांसद पहले होटल पहुंचे और कुछ देर विश्राम करने के बाद भारतीय सेना के सैन्य संग्रहालय पहुंचे, जहां पर सेना के बैटल एक्स डिवीजन के सैन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, उन्होंने सेना के सैन्य संग्रहालय का दौरा किया और यहां की गतिविधियों को देखा।
इसके बाद श्री सिंह, राज्य मंत्री संजय सेठ, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और रक्षा संबंधी सलाहकार समिति के सदस्य ‘शौर्य वन’ सैन्य संग्रहालय में आयोजित ‘लाइट एंड साउंड शो’ में शामिल हुए।
सूत्रों ने बताया कि श्री सिंह मंगलवार सुबह रक्षा मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय सेना के आधुनिकीकरण को मजबूत बनाने, नये तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल, सेना की मौजूदा ताकत और भविष्य में आने वाली सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही पाकिस्तान से लगती पश्चिमी सीमा की सुरक्षा तैयारियों और सीमावर्ती इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की जायेगी। सेना में नये तकनीकी उपकरणों को शामिल करने, आधुनिक हथियारों और तकनीक के इस्तेमाल से सेना की ताकत बढ़ाने जैसे विषय बैठक में रखे जायेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इसके साथ ही आने वाले समय में देश की सुरक्षा के सामने आने वाली चुनौतियां और उनसे निपटने की तैयारियों पर भी विचार होगा। पश्चिमी सीमा पर सेना की सुरक्षा व्यवस्था, मौजूदा तैयारियों और सीमावर्ती इलाकों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली जायेगी।
बैठक में शामिल होने के लिए कई सांसद और सेना के अधिकारी भी जैसलमेर पहुंचे हैं। बैठक के बाद रक्षामंत्री वापस रवाना होंगे।
