बर्लिन, 17 अगस्त (वार्ता) देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बर्लिन स्थित प्रतिष्ठित ब्रांडेनबर्ग गेट पर भारतीय दूतावास ने भारतीय राष्ट्रीय दिवस समारोह समिति (आईएनडीसीसी) और टैगोर सेंटर के सहयोग से भारत परेड का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लगभग 1,000 सदस्य और भारत के मित्र शामिल हुए। इस कार्यक्रम में जर्मनी में भारत के राजदूत श्री अजीत गुप्ते और उनकी पत्नी श्रीमति प्रीति गुप्ते भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में ‘जयस्तुते श्री महामंगले’ के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज की जय के गूंजते नारों के साथ एक प्रभावशाली मल्लखंभ प्रदर्शन किया गया। इस पारंपरिक भारतीय खेल में कलाकारों के शक्ति संयोजन, चपलता और अनुशासन ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस समारोह में गरबा और भांगड़ा सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत की जीवंतता और विविधता को बखूबी दर्शाया। अपने संबोधन में, राजदूत श्री गुप्ते ने जर्मनी में प्रवासी भारतीयों की उल्लेखनीय बढ़ोतरी पर प्रकाश डाला और द्विपक्षीय संबंधों को मज़बूत करने में उनके योगदान की भी सराहना की।
समारोह में इन प्रदर्शनों के बाद, ब्रैंडेनबर्ग गेट से हम्बोल्ट फ़ोरम स्थित सांची स्तूप तक एक ‘भारत परेड’ निकाली गई। इस मार्च में देशभक्ति के गीत और भारतीय संगीत ने बर्लिन के केंद्र में एकता और उत्सव का माहौल को जीवंत कर दिया।
बर्लिन में हुए इस वर्ष का समारोह विशेष महत्व हैं, क्योंकि यह भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के 25वें वर्ष के पूरा होने के साथ ही दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग के घनिष्ठ संबंधों की पुष्टि करता है।
