भिंड: गोहद चौराहे पर ब्रिटिश एनआरआई परिवार के साथ पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने की घटना की जानकारी मिलते ही तमाम गांव से सिख समाज के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय पुलिस से आरक्षक को लेकर शिकायत की गई, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने आरक्षक की गलती मानने से इनकार कर दिया। सिख समाज व एनआरआई परिवार का आरोप है कि कार पर आरक्षक के लोगों ने हमला किया। जब एनआरआई डॉ. विक्रमजीत सिंह ने इसकी शिकायत आज दोपहर ब्रिटिश एम्बेसी में की, तो मामला हाई लेवल तक पहुंच गया है।
मामले की जानकारी लगते ही एसपी ने तत्काल सिपाही को थाने से हटाकर लाइन अटैच करने की कार्रवाई की है। घटना की सूचना पाकर गोहद के विधायक केशव देसाई भी मौके पर पहुंचे और सिख समाज की ओर से पैरवी की। उन्होंने आरक्षक कुलदीप के खिलाफ पुरानी शिकायतें होने की बात भी कही। वहीं सिख समाज के लोग आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पर अड़े हैं। गोहद थाने के टीआई रोहित गुप्ता ने सिख समाज के आक्रोश को शांत करने का प्रयास किया और मामले को डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की। गोहद थाना प्रभारी रोहित गुप्ता ने कहा कि आरक्षक को लेकर कुछ लोगों में असंतोष है। आरक्षक कुलदीप कुशवाहा को लाइन अटैच किया गया है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।
