गुना। जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत चंदन खिरिया गांव में सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। यहां 55 वर्षीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कला बाई नट की सांप के काटने से मौत हो गई। सुबह-सुबह घास लेने खेत पर पहुंची कला बाई की चीख सुनते ही परिवारजन दौड़े, लेकिन उन्हें
बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार, कला पाई रोज की तरह सुबह करीब 6:30 बजे खेत में घास काटने गई थीं। बताया जाता है कि घास झुककर काटते समय अचानक एक जहरीले सांप ने उनके हाथ में काट लिया। हसते ही वह दर्द से तड़पने लगीं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर घर पर सो रहे परिजन तुरंत खेत की ओर दौड़े। परिजन जैसे-तैसे उन्हें उठाकर बाइक से जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने
जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। धरनावदा थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के बेटे सिकंदर नट ने बताया कि मां हमेशा अकेले सुबह-सुबह घास लेने जाती थीं। हम सभी घर की छत पर सो रहे थे, तभी अचानक उनकी चीख सुनाई दी। दौडकर पहुंचे तो देखा कि सांप ने हाथ में काट लिया है। आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन बचा नहीं पाए, उन्होंने बताया।
