सतना: मैहर में यूरिया खाद वितरण में कथित पक्षपात को लेकर किसानों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने परसवाही के पास नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।किसानों की ओर से लगाए गए जाम के बाद हजारों यात्री फंस गए। एम्बुलेंस और स्कूल बसें भी प्रभावित हुईं। किसानों का आरोप था कि परसवाही खाद वितरण केंद्र के प्रबंधक मनमानी कर रहे हैं। खाद की समय पर उपलब्धता नहीं होने से फसलें प्रभावित हो रही हैं।
सूचना मिलते ही अमरपाटन एसडीएम डॉ. आरती सिंह और थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की। स्थिति को समझा और आश्वासन दिया। एक घंटे की मशक्कत के बाद किसान माने और जाम खुल गया।एसडीएम डॉ. आरती सिंह ने बताया कि खाद वितरण में आ रही दिक्कतों को दूर कर लिया गया है। किसानों को आश्वस्त किया गया है कि वितरण में किसी तरह का पक्षपात नहीं होगा।
