पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पाकिस्तान आज यानी 14 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, लेकिन कराची में जश्न का माहौल मातम में बदल गया। जश्न के दौरान की गई हवाई फायरिंग में 8 साल की एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजीजाबाद में गली में खेल रही एक बच्ची को गोली लगने से उसकी जान चली गई। वहीं, कोरंगी इलाके में स्टीफन नामक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।
फायरिंग में घायल लोगों को सिविल, जिन्ना, अब्बासी शहीद समेत कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से 20 से ज्यादा संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से अत्याधुनिक हथियार और गोलियां जब्त की गईं।
