नई दिल्ली: दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में इस समय भारत का दबदबा दिखाई दे रहा है। दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में सभी शहर भारत के रहे। महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी लगातार दूसरे दिन देश और दुनिया का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बांदा, चंद्रपुर, रायपुर और प्रयागराज जैसे शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। देश के कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि मौसम विभाग ने इस साल सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई है।
\इधर,देश के अधिकांश हिस्से इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित कई राज्यों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री दर्ज किया गया। आज रविवार को दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में सभी शहर भारत के रहे। इससे पहले शनिवार को भी टॉप-50 में 37 भारतीय शहर शामिल थे।
उत्तर प्रदेश का बांदा 46.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा, जबकि ओडिशा के झारसुगुड़ा में पारा 45.2 डिग्री तक पहुंच गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी तापमान 44 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया।हालांकि दोपहर बाद मौसम ने कुछ जगह करवट भी ली। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। राजस्थान में तापमान में गिरावट आने के बाद सभी शहरों का पारा 45 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
इधर मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी चिंता बढ़ाने वाला अनुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है और देश में औसत से लगभग 8 प्रतिशत कम बारिश होने की संभावना है। अनुमान है कि इस बार कुल वर्षा सामान्य का करीब 92 फीसदी ही रह सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसके पीछे अल-नीनो प्रभाव को प्रमुख कारण बताया है। यदि यह स्थिति बनी रही तो कई राज्यों में खेती और जलसंकट की चिंता बढ़ सकती है।
