
इंदौर. बुधवार को जिले में 12 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए. इसी के साथ अब जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा 31 सैंपल की जांच की गई, जिनमें 19 रिपोर्ट निगेटिव रहीं. 1 जनवरी से 18 जून तक जिले में 1,479 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है. इनमें अब तक 132 मरीज कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. राहत की बात यह है कि अब तक 56 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं.
सीएमएचओ माधव हसानी ने बताया कि अब तक कोरोना संक्रमण से जिले में एक मरीज की मौत हुई है. बुधवार को किसी भी कोरोना संक्रमित की मृत्यु दर्ज नहीं की गई. रिपीट पॉजिटिव और अपूर्ण सैंपलों की संख्या शून्य रही. स्वास्थ्य विभाग की टीम एक्टिव मरीजों पर नजर रखे हुए है और निगरानी लगातार जारी है. स्वास्थ्य अमले ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है.
