इंदौर: शहर में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात को लेकर यातायात पुलिस और ऑटोमोबाइल डीलर्स ने संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया. चौराहों पर नियम पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब और चॉकलेट देकर सम्मानित किया.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव और पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन अरविंद तिवारी के निर्देशन में इंदौर यातायात पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी प्रयास कर रही है.
इसी कड़ी में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जनता में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जोन-02 के प्रमुख चौराहों पर विशेष अभियान चलाया. रेडिसन चौराहे पर बीएमडब्ल्यू ऑटोमोबाइल के स्टाफ ने दिन के समय यातायात संचालन में सहयोग दिया, वहीं शाम को विजयनगर चौराहे पर महिंद्रा ऑटोमोबाइल के स्टाफ ने यातायात प्रबंधन में सक्रिय भागीदारी निभाई.
इस दौरान जिन वाहन चालकों ने यातायात नियमों का पालन किया, उन्हें गुलाब के फूल और चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया. अभियान में यातायात एसीपी जोन-02 मनोज कुमार खत्री, यातायात निरीक्षक अरविंद दांगी, सूबेदार काजिम हुसैन, उप निरीक्षक बलराम तोमर सहित यातायात स्टाफ ने सहभागिता की. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की पहलें न केवल यातायात संचालन को सुचारू बनाती हैं, बल्कि लोगों में नियमों के पालन की आदत भी विकसित करती हैं.
