अमृत उद्यान के ग्रीष्म वार्षिकोत्सव का उद्घाटन कल, शनिवार से खुलेगा आम लोगों के लिए

नयी दिल्ली 13 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव का कल यानी गुरुवार को शुभारंभ करेंगी और यह शनिवार से जनता के लिए खुल जायेगा।
राष्ट्रपति भवन की प्रेस उप सचिव नाविका गुप्ता ने बुधवार को यहां अमृत उद्यान के ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव के मीडिया पूर्वावलोकन के दौरान बताया कि अमृत उद्यान एक महीने यानी 16 अगस्त से 14 सितंबर तक जनता के लिए खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि उद्यान हर रोज पूर्वाह्न 10 बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा और शाम को सवा पांच बजे उद्यान में प्रवेश बंद हो जायेगा। रख रखाव कार्यों के लिए उद्यान हर सोमवार को बंद रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विशेष आकर्षण दिव्यांगजनों के लिए की गई विशेष व्यवस्था है जिसमें ज्यादातर पौधों के नाम ब्रेल लिपि में लिखे गये हैं। इससे दिव्यांगजनों को पौधों के बारे में जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा अमृत उद्यान में दिव्यांगजनों के लिए विशेष रैम्प तथा रास्ते भी बनाये गये हैं। विशेष बच्चों के लिए अमृत उद्यान में पौधों के विशेष स्टेंड भी बनाये गये हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस और शिक्षक दिवस के अवसर पर क्रमशः 29 अगस्त को एथलीटों और खिलाड़ियों तथा पांच सितम्बर को शिक्षकों के लिए अमृत उद्यान में प्रवेश की विशेष व्यवस्था होगी।
गार्डन ट्रेल में बाल वाटिका, हर्बल गार्डन, बोनसाई गार्डन, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन आदि कुल आठ गार्डन शामिल हैं। पूरे सर्किट में लगाये गये क्यूआर कोड आगंतुकों को विभिन्न पौधों और डिज़ाइन विशेषताओं के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे।
इस वर्ष आगंतुकों को एक नयी विशेषता-बैबलिंग ब्रुक-देखने को मिलेगी। इस क्षेत्र में झरने, फुहारे युक्‍त मूर्तिकलायें, सीढ़ीदार पत्थर और भूमि से ऊपर बने तालाब के साथ एक घुमावदार जलधारा, आकर्षक पथों के साथ जुड़ा पंचतत्व ट्रेल्स और प्राकृतिक ध्वनि परिदृश्यों से युक्‍त एक शांत बरगद उपवन, एक शांत हर्बल और प्लूमेरिया गार्डन, जिसमें मनमोहक घास के टीले और बागान शामिल हैं, जो आत्मिक शांति का अनुभव प्रदान करते हैं।
उद्यान में आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू मार्ग के पास स्थित गेट संख्या 35 से होगा। अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। आगंतुक उद्यान में जाने के लिए राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन स्लॉट बुक कर सकते हैं। बिना पंजीकरण वाले आगंतुक गेट संख्या 35 के बाहर स्थित स्वयं-सेवा कियोस्क का उपयोग करके पंजीकरण करा सकते हैं।

Next Post

दौसा हादसे के पीड़ितों को राहत राशि देने की मोदी की घोषणा

Wed Aug 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के दौसा में एक हादसे में हुए जान माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे में अपने प्रियजन खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की […]

You May Like