नयी दिल्ली 12 अगस्त (वार्ता) भारत और आस्ट्रेलिया ने मंगलवार को यहां निरस्त्रीकरण परमाणु अप्रसार और अंतरिक्ष में सुरक्षा संबंधी मामलों पर विस्तार से चर्चा की जिससे दोनों देशों को व्यापक रणनीति साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच निरस्त्रीकरण, अप्रसार और निर्यात नियंत्रण पर वार्ता का 7 वां दौर यहां संपन्न हुआ। दोनों पक्षों ने परमाणु, रासायनिक, जैविक निरस्त्रीकरण और अप्रसार, बाह्य अंतरिक्ष सुरक्षा संबंधी मामलों, सैन्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित पारंपरिक हथियारों और बहुपक्षीय निर्यात नियंत्रण व्यवस्थाओं के क्षेत्रों में विकास पर चर्चा की। इस वार्ता से दोनों देशों के बीच अप्रसार और निरस्त्रीकरण के मुद्दों पर राष्ट्रीय दृष्टिकोण तथा वैश्विक विकास की आपसी समझ बढी जिससे भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (निरस्त्रीकरण एवं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मामले) सुश्री मुआनपुई सैयावी ने किया तथा ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मामले एवं व्यापार विभाग में शस्त्र नियंत्रण एवं प्रसार-रोधी राजदूत सुश्री वैनेसा वुड ने किया।
