
सागर। स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ पर देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और जनता को संबोधित करेंगे। उनका संदेश जिला मुख्यालयों के कार्यक्रमों में सीधा प्रसारित होगा।
मुख्य समारोह से पूर्व वे शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। जिले में कलेक्टर सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और 9:25 से 9:55 बजे तक मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा जाएगा। जनपद, नगर पालिका, पंचायत मुख्यालयों पर संबंधित जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।
सभी शासकीय कार्यालयों व शिक्षण संस्थाओं में सुबह 8 बजे या पूर्व ध्वजारोहण कर सांस्कृतिक, साहित्यिक व खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। प्रभातफेरी, वाद-विवाद, स्वच्छता अभियान और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी होंगे। कलेक्टर संदीप जी आर ने 14 व 15 अगस्त की रात सार्वजनिक भवनों व राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर प्रकाश सज्जा के निर्देश दिए।
