
मंडला। जिला शिक्षा अधिकारी मंडला के तत्वावधान में 12 अगस्त को इनडोर हॉल, माउंट फोर्ट विद्यालय मंडला में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना खेल कौशल प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एपीसी मंडला मुकेश पांडे रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के महत्व से अवगत कराया तथा बैडमिंटन के नियमों और तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। उनके द्वारा प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में माउंट फोर्ट विद्यालय के संस्था प्रमुख ब्रदर बिनु चेरियन, उप-प्राचार्य ब्रदर मैथ्यूज, ब्रदर नीलेश, खेल शिक्षक अभिषेक श्रीवास, रमा मार्को तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खेल शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
खिलाड़ियों ने जोश और उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के अंत में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के इस सफल आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि खेल के प्रति विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और जागरूकता भी पैदा की।
