इंदौर: कम्पेल पुलिस चौकी, थाना खुडेल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लूट व झपटमारी में शामिल तीन लिस्टेड बदमाशों को दबोच लिया. आरोपी दो माह पूर्व चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम दे रहे थे. पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए मोबाइल, नगदी, चोरी की बाइक और दो धारदार चाकू बरामद किए हैं.
थाना प्रभारी खुडेल कर्णिसिंह शक्तावत ने बताया कि घटना 10 अगस्त की रात करीब 8 बजे ग्राम पेडमी में बिजली के खंभे के पास बातचीत कर रहे दो युवकों के पास अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे.
उन्होंने चाकू दिखाकर मोबाइल और नगदी लूटी और इंदौर की ओर भाग निकले. फरियादी की शिकायत पर कम्पेल पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र सिंह सिसोदिया ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में बनी एक विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों को पकड़ा.
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान वसीम उर्फ लाला उर्फ गाडर उर्फ रिजवान 25, मोहसीन उर्फ मोसिन 20 और जावेद 19 सभी निवासी इंदौर के रूप में हुई. पूछताछ में आरोपियों ने न सिर्फ पेडमी लूट बल्कि दो माह पूर्व मुहाडा घाट क्षेत्र से अपाचे बाइक चोरी और अरण्ड्या ब्रिज के पास एक और मोबाइल झपटने का जुर्म कबूल किया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि तीनों आरोपी इंदौर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में हत्या का प्रयास, डकैती की तैयारी, लूट, चोरी, चाकूबाजी और मारपीट जैसे कई संगीन मामलों में पहले से लिप्त हैं. वर्तमान में उनसे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है
