
इंदौर. जवाहर मार्ग पर सोमवार रात सवा नो बजे बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब एक पुरानी बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त भवन में केवल 13 लोग ही मौजूद थे. इनमें से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अभियान देर रात तक जारी रहा.
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं. रेस्क्यू के दौरान सभी विभागों के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला. महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और राहत कार्यों की निगरानी की. मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद ली जा रही है. मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने बचाव दल का सहयोग किया. प्रशासन ने कहा है कि प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की है. लोगों ने इस हादसे को बड़ी त्रासदी में बदलने से रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने वाली टीमों के प्रयासों की सराहना की.
