
नीमच। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। डिकेन-सिंगोली मार्ग पर शनिवार शाम को हुए सडक़ हादसे में मामा और भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 3 लोग घायल भी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक पर पांच लोग सवार थे।
सूठोली निवासी 50 वर्षीय रूपलाल बंजारा अपने बेटे उदयलाल (20), बहन ममता (25), भांजा कान्हा (7) और भांजी पार्वती (5) के साथ बाइक पर सवार थे। वे सभी रतनगढ़ के पास जेतपुरा गांव से राखी का त्योहार मनाकर लौट रहे थे।
नीमच सिंगोली रोड पर रामनगर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गंभीर हालत में रतलाम रेफर
राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रूपलाल और उनके मासूम भांजे कान्हा को मृत घोषित कर दिया। ममता, पार्वती और उदयलाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर किया गया।
गांव में पसरा मातम
गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। जिस बहन को अभी कुछ देर पहले तक अपने भाई को राखी बांधनी थी, उसकी आंखों के सामने भाई और भांजे का शव पड़ा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सेंट्रो कार को जब्त कर लिया है।
