
सिंगरौली। कोतवाली क्षेत्र के बैढ़न समीप कचनी मोहल्ला इन दिनों एक खतरनाक सांड के आतंक से दहशत में है। पिछले पखवाड़े में यह सांड एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका है। शगुन गार्डन के पीछे डेरा जमाए यह सांड राहगीरों और स्थानीय निवासियों को देखते ही हमला बोल देता है।
स्थानीय निवासी श्रीकांत द्विवेदी के अनुसार हंशलाल कुशवाहा, छोटे गोस्वामी, लल्लू कुशवाहा सहित कई लोग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। शनिवार शाम इसने एक दृष्टिबाधित व्यक्ति को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चों को स्कूल भेजने में भी अभिभावक भयभीत हैं।
मामले की जानकारी नगर निगम को कई बार दी गई, लेकिन निगम अधिकारी इसे वन विभाग का कार्य बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं, जबकि वन विभाग का कहना है कि यह उनका कार्यक्षेत्र नहीं है। जिम्मेदारी के इस टकराव में सांड का आतंक जारी है और मोहल्लेवासियों की जान खतरे में है।
आरपी बैस, उपायुक्त नपानि सिंगरौली का कहना है कि सांड को वन विभाग पकड़ेगा, फिर भी जल्द कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
