ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम ने इंडिया ए को 13 रनों से हराया

मकाय, 07 अगस्त (वार्ता) अनिका लीरॉइड (नाबाद 50) के बाद एमी एडगर और सियाना जिंजर (दो-दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया महिला ए टीम ने गुरुवार को पहले टी-20 मुकाबले में इंडिया ए को 13 रनों से हरा दिया।

138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत बेहद धीमी रही और उसने चौथे ओवर की पहली गेंद पर शेफाली वर्मा (तीन) का विकेट गंवा दिया। उस समय टीम का स्कोर 13 रन था। इसके बाद धारा गुज्‍जर (सात), दिनेश वृंदा (पांच) रन बनाकर आउट हुई। 12वें ओवर में उमा छेत्री (31) रन बनाकर चौथे विकेट के रूप में आउट हुई। इसके बाद राघवी बिष्ट और कप्तान राधा यादव ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी हुई।

17वें ओवर में सियाना जिंजर ने राघवी बिष्ट को आउट कर इंडिया ए के मैच जीतने की उम्मीदों को झटका दिया। राघवी बिष्ट ने 20 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 33 रनों की पारी खेली। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की और भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 124 रन ही बना सकी और 13 रनों से मुकाबला हार गई। राधा यादव ने 22 गेंदों में तीन चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाये। सजीवन सजना सात रन बनाकर नाबाद रही। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से एमी एडगर और सियाना जिंजर ने दो-दो विकेट लिये। टेस फ्लिंटॉफ ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां इंडिया ए टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में अनिका लीरॉइड 44 गेंदों में (नाबाद 50) की अर्धशतकीय पारी के दम पर छह विकेट पर 137 रनों का स्कोर खड़ा किया। एलिसा हीली ने 18 गेंदों में (27), तालिया विल्सन (17), कोर्टनी वेब (11) और कप्तान निकोल फॉल्टम (11) का योगदान दिया। इंडिया ए की ओर से प्रेमा रावत ने तीन, सजीवन सजना और साइमा ठाकोर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

क्यों है नई पीढ़ी के सीएफओ की रणनीतिक योजना का अहम हिस्सा है ईसीजी को समझना - केदार पाटकी, मुख्य वित्तीय अधिकारी, इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस

Thu Aug 7 , 2025
“”स्थिरता यहां टिकने के लिए है, वरना हम शायद न रहें.” “नियाल फिट्जगेराल्ड, यूनिलीवर के पूर्व सीईओ केयरनी की हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार रिपोर्ट के अनुसार, 69% सीएफओ का मानना है कि टिकाऊ निवेश के माध्यमों में निवेश पर पारंपरिक निवेश की तुलना में अधिक रिटर्न […]

You May Like