बैंकॉक/यांगून, 07 फरवरी (वार्ता) थाईलैंड के अधिकारियों ने हाल ही में म्यांमार से 61 विदेशी मानव तस्करी पीड़ितों को बचाया जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
अधिकारियों को संदेह है कि उन्हें थाईलैंड में जबरन श्रम और यौन शोषण के लिए लाया गया था। उन्होंने पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया है और उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की है।
थाईलैंड के टाक प्रांत में माई सोत सीमा चौकी पर हैंडओवर की अपनी निगरानी के दौरान उप प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई ने गुरुवार को बताया कि बचाए गए व्यक्तियों में 39 चीनी नागरिक, 13 भारतीय, पांच इंडोनेशियाई और इथियोपिया, पाकिस्तान, मलेशिया तथा कजाकिस्तान के एक-एक नागरिक शामिल हैं। उन व्यक्तियों को संबंधित एजेंसियों की देखरेख में रखा गया और उन सभी की तस्करी के शिकार के रूप में स्थिति निर्धारित करने तथा आपराधिक गतिविधियों में किसी भी संभावित संलिप्तता का आकलन करने के लिए एक जांच प्रक्रिया की जाएगी।
इस बीच, म्यांमार न्यूज एजेंसी ने बताया कि म्यांमार सरकार ऑनलाइन घोटालों और जुए के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना चाहती है, इसलिये वह पड़ोसी देशों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस व्यापक दृष्टिकोण का उद्देश्य, इन आपराधिक गतिविधियों को खत्म करना और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
