नयी दिल्ली, 07 अगस्त (वार्ता) यात्रियों की संख्या के लिहाज से देश की तीसरी सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी अकासा एयर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी विनय दुबे ने गुरुवार को कहा कि कंपनी का दीर्घकालिक लक्ष्य इस दशक के अंत तक दुनिया की 30 शीर्ष एयरलाइंस में शामिल होना है और वह अपने परिचालन के तीन साल पूरे होने के बाद भी इस पर कायम है।
परिचालन के तीन साल पूरे होने के मौके पर कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महज 36 महीनों में ही अकासा एयर से 1.9 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया है। पिछले 12 महीने में 80 लाख यात्रियों ने इसकी सेवायें ली हैं और इसकी बदौलत इसने उद्योग में अग्रणी 87 प्रतिशत से ज्यादा लोड फैक्टर दर्ज किया है, जो भारत और देश से बाहर यात्रियों का बढ़ता विश्वास दिखाता है।
श्री दुबे ने कहा, “सिर्फ तीन साल में हमने यह दिखा दिया है कि अपने संचालन में पूरी तरह मानवीय बने रहते हुए भी तेजी से विस्तार करना और लगातार बेहतर प्रदर्शन करना संभव है। हम न सिर्फ तेजी से विकास कर रहे हैं, बल्कि सही दिशा में बढ़ रहे हैं। अकासा इस दशक के अंत तक दुनिया भर की शीर्ष 30 एयरलाइंस में शामिल होने के अपने दीर्घकालिक दृष्टिकोण पर दृढ़ता से कायम है।”
उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे एयरलाइंस आगे बढ़ रही है, एक ऐसी विमान सेवा कंपनी बनने जा रही है जिस पर देश को गर्व हो और जो वैश्विक स्तर पर भारतीय विमानन उद्योग का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो।

