माॅस्को, 06 अगस्त (वार्ता) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को यहां अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की।
सरकारी मीडिया तास के अनुसार, राष्ट्रपति की प्रेस सेवा ने कहा कि यह बैठक क्रेमलिन में हुई।
विटकॉफ आज सुबह मास्को पहुंचे जहां उनका स्वागत वनुकोवो हवाई अड्डे पर रूसी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष के प्रमुख किरिल दिमित्रिएव ने की।
मध्य पूर्व में वाशिंगटन के विशेष दूत विटकॉफ़ की 2025 में यह पांचवीं रूस यात्रा है। पिछली बार वह 25 अप्रैल को मास्को गये थे और उससे पहले 11 अप्रैल को सेंट पीटर्सबर्ग गये थे। दोनों ही अवसरों पर राष्ट्रपति पुतिन ने उनका स्वागत किया था।
विटकॉफ़ की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर रूस यूक्रेन के साथ समझौता नहीं करता है तो नौ अगस्त तक रूस पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए जाएंगे। श्री ट्रंप ने 14 जुलाई को कहा था कि अगर यूक्रेन मामले में 50 दिनों के अंदर कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका रूस और उसके व्यापारिक साझेदारों पर लगभग 100 प्रतिशत आयात शुल्क लगा देगा। इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के पूर्व राष्ट्रपति और अब देश की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख दिमित्री मेदवेदेव के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया था। हालांकि 29 जुलाई को ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने इस अवधि को घटाकर 10 दिन करने का निर्णय किया है जबकि पांच अगस्त को उन्होंने कहा कि अमेरिका बाद में तय करेगा कि आयात शुल्क लगाया जाए या नहीं। उन्होंने कहा कि अमेरिका का अगला कदम मॉस्को में विटकॉफ की वार्ता के परिणामों पर निर्भर करेगा।
