भोपाल, 04 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि आदिवासी अंचल में किसी को भी कोई कठिनाई नहीं आने दी जाएगी और बरसात में किसी आदिवासी को मकान से बेदखल नहीं किया जाएगा।
डॉ यादव विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक उमंग सिंघार, अजय सिंह और हीरा लाल अलावा की ओर से लगाई गई ध्यानाकर्षण सूचना के संदर्भ में संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचल में किसी को भी कठिनाई नहीं आने देंगे। धरती आबा योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना के जरिए आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, अस्पताल और दो लाख रुपए तक के मकान निर्माण सहित कई काम शुरू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हम दलगत भावना से ऊपर उठकर काम कर रहे हैं। विपक्ष का कोई भी विधायक आदिवासी क्षेत्र के विकास का सुझाव देगा तो सरकार उसके साथ खड़ी रहेगी। आदिवासी परंपराओं को सम्मान देने के लिए भगोरिया और अन्य पर्वों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई जाएगी। डीजे बंद कर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बरसात के समय किसी भी आदिवासी को मकान से बेदखल नहीं किया जाएगा। हमारी सरकार ने अब तक साढ़े 23 हजार से अधिक पट्टे दिए हैं, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने एक भी पट्टा नहीं दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि और नुकसान की भरपाई के लिए तत्काल राहत कार्य तेज करने के लिए कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। राज्य सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है।
इसके पहले विधानसभा में डॉ यादव ने श्री सिंघार समेत अन्य विधायकों की ध्यानाकर्षण सूचना का जवाब दिया। विधायकों ने वन क्षेत्रों में आदिवासियों को जमीन के पट्टे देने का मुद्दा उठाया था।

