
इंदौर. नारकोटिक्स विंग की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे इनामी तस्कर सोहेल उर्फ भूरा उर्फ नाजिम को राजस्थान के डग थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. आरोपी वर्ष 2023 से फरार था और उस पर नकद इनाम भी घोषित किया था.
एडीजी केपी राव के निर्देशन में चलाए जा रहे माफिया-विरोधी विशेष अभियान के तहत पुलिस उप महानिरीक्षक महेश चंद्र जैन के मार्गदर्शन में नारकोटिक्स विंग की टीम को यह सफलता मिली. निरीक्षक हरीश सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित तस्कर सोहेल अपने गांव में देखा गया है. सूचना के आधार पर टीम ने राजस्थान पुलिस के सहयोग से ग्राम दुधालिया, थाना डग से उसे दबोच लिया. आरोपी राजस्थान से एमडी ड्रग्स स्मैक लाकर इंदौर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था. नारकोटिक्स विंग ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है. डीएसपी संतोष सिंह हाडा ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी से मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है.
