विदिशा:रक्षाबंधन पर्व नजदीक आते ही बड़ा बाजार में राखियों की दुकानों की नीलामी कर दी गई है और बाजार सजने लगा है। सोमवार से भीड़ का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है। त्योहार के दौरान बड़ा बाजार में भारी भीड़ रहती है, जहां पर अधिकांश राखी की दुकानें स्थित हैं। इसी को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्ल्स स्कूल से बड़ा बाजार और बजरिया से बांसकुली मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।
बाजार में कई जर्जर भवनों के नीचे दुकानें लगाई गई हैं, जिनकी स्थिति बेहद खतरनाक है। कलेक्टर द्वारा इन्हें तोड़ने के आदेश तो दिए गए हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। स्वर्णकार कॉलोनी में पहले भी जर्जर भवन की दीवार गिरने से हादसा हो चुका है, बावजूद इसके नगरपालिका केवल नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर रही है।
पूर्व में लागू की गई वन वे व्यवस्था भी अब पूरी तरह विफल हो चुकी है। व्यापारियों ने एसपी से मांग की है कि सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक बड़ा बाजार और माधवगंज क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगे और पुलिस जवानों की सख्त तैनाती हो।
माधवगंज क्षेत्र में कुछ व्यापारियों द्वारा सड़क को निजी दुकानों के लिए बेचने की शिकायतें भी सामने आई हैं। राखी दुकानदारों ने मांग की है कि जितनी रसीद राशि उनसे ली गई है, उतना ही जुर्माना अतिक्रमण करने वालों पर भी लगाया जाए।इस वर्ष दुकानों की नीलामी में 10% वृद्धि की गई है। बड़ा बाजार की 24 दुकानें 86 हजार में नीलाम हुई हैं, जिनका किराया 3 से 4 हजार रुपए प्रति दुकान तय किया गया है। व्यापारी मोहन पटवा ने आरोप लगाया है कि सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें संचालित करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती, जिससे असंतोष बढ़ रहा है।
