रायपुर, 03 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ की जनता को रविवार को तब एक नई रेल सौगात मिली जब रायपुर और जबलपुर के बीच नई इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर की।
श्री साय ने इस नई सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि बीते एक दशक में छत्तीसगढ़ का रेल बजट 21 गुना बढ़ा है और वर्तमान में प्रदेश में 47,447 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वर्ष 2025-26 के लिए राज्य को 6,900 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प के लिए 1680 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। रायपुर-जबलपुर के बीच यह दूसरी रेल सेवा यात्रियों को बेहतर विकल्प और सुविधा प्रदान करेगी, विशेष रूप से डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर रीवा-पुणे (हड़पसर) और भावनगर-अयोध्या एक्सप्रेस का भी शुभारंभ क्रमशः मध्यप्रदेश और गुजरात के मुख्यमंत्रियों तथा रेल मंत्री द्वारा किया गया।
नई ट्रेन की विशेषताएं और समय-सारणी: 11701 रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी: रायपुर से प्रतिदिन अपराह्न 2:45 बजे रवाना होकर रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी। वहीं 11702 जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी: जबलपुर से प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे चलकर अपराह्न 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी।
ट्रेन में कुल 15 कोच: एक एसी चेयर कार, चार चेयर कार,आठ जनरल, एक पावरकार और एक एसएलआरडी।
यात्रा अवधि: लगभग आठ घंटे होगी। इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और दोनों राज्यों के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी बल मिलेगा।
