
सीधी। श्री गणेश हायर सेकेण्डरी स्कूल अमहा में गुरुवार को कक्षा 11वीं में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए सीनियर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग वेलकम पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसमें संस्थापक एम.पी. शर्मा, निदेशक नीरज शर्मा, सहायक निदेशक अरुण ओझा और प्राचार्य जे.एन. मिश्र शामिल हुए।
सीनियर छात्रों ने नवागंतुकों का तिलक कर स्वागत किया और उपहार भेंट किए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों जैसे नृत्य, गीत, नाटक और भाषणों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
निदेशक नीरज शर्मा ने छात्रों को सफलता के लिए जूनून और समर्पण जरूरी बताते हुए कहा, कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं, यदि उसमें लगन हो। प्राचार्य जे.एन. मिश्र ने विद्यालय की सफलता को विद्यार्थियों से जोड़ते हुए अनुशासन और मेहनत का महत्व समझाया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षक सतीश तिवारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यालय की सांस्कृतिक परंपरा को मजबूती प्रदान की।
