मुंबई 14 मई (वार्ता) निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी ने नौसेना के लिए मानवरहित माइन काउंटर-मेजर (एमसीएम) स्वीट के निर्माण के लिए फ्रांस की कंपनी एग्जेल के साथ करार किया है। नौसेना के माइन काउंटर-मेजर वेसेल (एमसीएमवी) कार्यक्रम के तहत एलएंडटी को इस प्रणाली के निर्माण का ठेका दिया गया है। इसमें स्वचालित और दूर बैठकर ऑपरेट किये जा सकने वाले सिस्टम होंगे जो समुद्र के भीतर बिछायी गयी बारूदी सुरंग का पता लगाकर विस्फोटक के बारे में जानकारी हासिल करेंगे और उन्हें नष्ट करेंगे। भारतीय नौसेना के लिए बारूदी सुरंग का खात्मा करने में सक्षम 12 पोतों का निर्माण किया जा रहा है। इन सभी में मानवरहित एमसीएम स्वीट लगाने का ठेका एलएंडटी को दिया गया है। कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह एग्जेल के साथ मिलकर इन स्वीट का निर्माण करेगी। इसमें एग्जेल की भूमिका प्रौद्योगिकी सहयोगी की होगी। फ्रांसीसी कंपनी को एमसीएम प्रौद्योगिकी में महारत हासिल है। दुनिया भर की कई नौसेनाएं उसकी इस प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर रही हैं।
एलएंडटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण रामचंदानी ने कहा, “यह साझेदारी एलएंडटी की व्यापक रक्षा उत्पाद की विरासत और समुद्री क्षमताओं को एग्जेल की मानवरहित समुद्री प्रणालियों और माइन वारफेयर तकनीकों में वैश्विक श्रेष्ठता के साथ जोड़ती है। एग्जेल के पास दशकों से प्रमाणित परिचालन अनुभव है, जबकि एलएंडटी रक्षा इंजीनियरिंग, स्वदेशी विनिर्माण, जटिल सिस्टम इंटीग्रेशन और लाइफसाइकल सपोर्ट में अग्रणी है।” एग्जेल के सामुद्रिक प्रणाली कारोबार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेरोम बेंडेल ने भारतीय नौसेना के लिए इस रणनीतिक कार्यक्रम में एलएंडटी के साथ साझेदारी पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सहयोग भारत में स्वदेशी मानवरहित समुद्री प्रणालियों के दीर्घकालिक विकास को समर्थन देने की साझा महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। उन्होंने कहा, “हम अगली पीढ़ी के नौसैनिक ड्रोन और स्वायत्त मिशन प्रणालियों के स्थानीय विकास और उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान की संभावनाएं देखते हैं।”

